बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के मरार पारा इलाके में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने एक किराए के मकान में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा खुद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की कमान संभाली। पुलिस की इस त्वरित घेराबंदी के कारण आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन में यह बड़ी कार्रवाई शहर में देखने को मिली।
पुलिस ने मकान में रह रहे किराएदार राजदीप शर्मा को रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध नशीला पदार्थ जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) के तहत मामला दर्ज कर यह पता लगाने में जुट गई है कि वह यह गांजा कहां से लाता था और शहर में किसे सप्लाई करने वाला था।