फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambikapur News: भुगतान अटका तो ठेकेदार ने दी आत्मदाह की चेतावनी, उप अभियंता को नोटिस; ठेकेदार संघ का प्रदर्शन

अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर Updated Sat, 28 Mar 2026 06:30 PM IST

सरगुजा जिले में जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाले एक ठेकेदार द्वारा भुगतान लंबित रहने से आक्रोशित होकर आत्मदाह की चेतावनी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने जांच के निर्देश दिए हैं, जबकि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि उन्होंने अंबिकापुर सब डिविजन में जल जीवन मिशन के तहत निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष पूर्व पूर्ण कर लिया था, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं किया गया है। ठेकेदार का आरोप है कि करीब 65 लाख रुपये के कार्य के एवज में केवल 22 लाख रुपये का ही भुगतान किया गया है। शेष राशि जारी करने के लिए विभाग के उप अभियंता द्वारा कमीशन की मांग की जा रही है। कमीशन नहीं देने पर बिल लंबित रखे जाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

ठेकेदार ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ, तो वह 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करेगा। ठेकेदार के अनुसार, लखनपुर विकासखंड के जुड़वानी क्षेत्र में पानी टंकी निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और नल कनेक्शन का कार्य पूरा हो चुका है। बीते छह महीनों से जल आपूर्ति भी नियमित हो रही है, इसके बावजूद भुगतान लंबित है। कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मामले में संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का कहना है कि जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर शनिवार को ठेकेदार संघ ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भुगतान की मांग और उप अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें