फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबिकापुर में बदहाल सड़क पर फूटा गुस्सा: सड़क पर बैठकर प्रदर्शन; 3-4 दिन में सुधार का आश्वासन

Sat, 22 Aug 2026 08:50 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

अंबिकापुर जिले के भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। जगह-जगह गड्ढों और मरम्मत के नाम पर डाले गए बड़े-बड़े पत्थरों से परेशान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क को तत्काल सुरक्षित बनाने की मांग की।

प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सूजन बिंद, त्रिभुवन सिंह, सुरेश राम बुनकर, राजमणि चौबे और अंकुर सिन्हा समेत कई लोग शामिल हुए। सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। हालांकि, आंदोलनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। इसके बाद विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि बारिश के कारण भारत माता चौक से रायगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग की हालत पहले ही बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने से सड़क तालाब जैसी नजर आती है। आरोप है कि इन गड्ढों में बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए गए हैं, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पहले भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पवन साय का वाहन भी इसी मार्ग के एक गड्ढे में फंस गया था। इसके बाद विभाग ने गड्ढों में बोल्डर डालकर सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने की कोशिश की। लेकिन बड़े पत्थरों के कारण लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के एसडीओ ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि सड़क सुधार का काम जारी है। बोल्डरों के ऊपर छोटी गिट्टी डालकर अगले तीन से चार दिनों में सड़क का समतलीकरण कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें