सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंधला में सोमवार देर रात घर लौट रहे एक बाइक सवार दंपती पर चार अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से दोनों की बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं उनकी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी।
गंभीर रूप से घायल महिला की रायपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि पति का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अंधला निवासी कपिल दास (40 वर्ष) सोमवार शाम अपनी पत्नी निर्मला दास (38 वर्ष) के साथ बाइक से बगदरी गए थे।
देर रात दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अंधला के माझापारा में पहले से घात लगाए चार लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने कपिल दास पर डंडे और रॉड से हमला शुरू कर दिया। पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आई निर्मला दास को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों घायल मौके पर ही बेहोश हो गए, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को गंभीर हालत में लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद निर्मला दास की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जबकि कपिल दास को अंबिकापुर रेफर किया गया।
परिजन निर्मला दास को रायपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इधर कपिल दास का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे होश आने पर कपिल दास ने पुलिस को चार अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हमले के पीछे लूटपाट की मंशा थी या कोई पुरानी रंजिश, इस संबंध में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। बरहाल लखनपुर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।