सरगुजा जिले में एक बुजुर्ग महिला की 24 डिसमिल जमीन की जगह धोखे से 3 एकड़ 17 डिसमिल भूमि की रजिस्ट्री कराने का बड़ा मामला सामने आया है। महिला ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
भिठी कला महुआ टिकरा निवासी सावित्री यादव और उनके रिश्तेदारों ने भू-माफिया डूमन व अन्य पर कम जमीन का भरोसा देकर दस्तावेजों में कहीं अधिक भूमि अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये मूल्य की यह जमीन बेहद कम कीमत में बीएम फूड से जुड़े लोगों द्वारा पुष्पा अग्रवाल के नाम पर खरीदी गई है।
पटवारी प्रतिवेदन में केवल 24 डिसमिल जमीन का उल्लेख था, जबकि उप पंजीयन कार्यालय में 3.17 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री कर दी गई, जिसमें मुख्तार, स्टांप वेंडर और अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप है।
महिला के रिश्तेदार आनंद यादव ने बताया कि 14 मई 2026 को रजिस्ट्री हुई थी और 15 मई को उन्हें संगणक पर पूरी जमीन चढ़ी देखकर फर्जीवाड़े का पता चला। एसडीएम बन सिंह नेताम ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जबकि ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।