फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Patna: स्कूल से निकले फिर कभी नहीं लौटे! प्रिंसिपल से झगड़े के बाद शिक्षक गायब, जताई थी हत्या की आशंका

Fri, 20 Mar 2026 06:52 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

बिहार के भोजपुर जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां +2 हाईस्कूल बिहिया के प्रभारी शिक्षक मोहन कुमार पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। जानकारी के अनुसार, 17 मार्च को वह दोपहर लगभग 3 बजे तक स्कूल में मौजूद थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। हैरानी की बात यह है कि उनका सामान स्कूल परिसर में ही मिला है।मोहन कुमार की पहचान बाढ़ थाना क्षेत्र के मलाही गांव निवासी 52 वर्षीय शिक्षक के रूप में हुई है। यह उनकी पहली पोस्टिंग थी और वह पिछले तीन वर्षों से इस विद्यालय में कार्यरत थे।

मारपीट और धमकी का मामला आया सामने
परिजनों ने बताया कि लापता होने से पहले स्कूल के प्रिंसिपल और एक शिक्षक विनय कुमार के साथ उनकी मारपीट हुई थी। इस घटना में मोहन कुमार को पैर में चोट भी आई थी। परिजनों का दावा है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने और अपहरण की धमकी दी गई थी। मोहन कुमार ने इस पूरे मामले को लेकर मुख्य सचिव को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि कॉमर्स विषय के शिक्षक विनय कुमार उस स्कूल में 12 वर्षों से कार्यरत हैं, जबकि उस विषय का न तो संकाय है और न ही कोई छात्र। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि विनय कुमार का स्थानीय प्रभाव और राजनीतिक पहुंच है, जिसके चलते वह अन्य शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।

बेटी ने जताई हत्या या अपहरण की आशंका
लापता शिक्षक की बेटी शिवानी कुमारी ने बताया कि उनके पिता ने 17 मार्च की रात को फोन पर बातचीत में स्कूल में हुई मारपीट की जानकारी दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता को प्रिंसिपल और अन्य शिक्षकों द्वारा धमकी दी गई थी कि उन्हें मार दिया जाएगा या गायब कर दिया जाएगा। शिवानी कुमारी के अनुसार, उनके पिता ने लापता होने से पहले मुख्य सचिव और जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और आशंका व्यक्त की थी कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार विनय कुमार होंगे।

ये भी पढ़ें: गयाजी पर सरकार मेहरबान, काशी विश्वनाथ के तर्ज पर बनेगा विष्णुपद कॉरिडोर, युवाओं के लिए इंडस्ट्रियल हब का एलान

पुलिस जांच पर उठे सवाल
परिजनों का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की ठोस जानकारी नहीं दी जा रही है। इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मोहन कुमार को स्कूल से जाते हुए देखा गया है। फिलहाल, इस रहस्यमय गुमशुदगी ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिजन लगातार प्रशासन से जल्द कार्रवाई और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें