दरभंगा में योजना एवं विकास विभाग के एक जूनियर इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले की शिकायत किसी और ने नहीं, बल्कि खुद इंजीनियर की बहन ने निगरानी थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर हुई जांच में जूनियर इंजीनियर के पास एक करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति मिलने का प्रमाण मिला है। मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 113/25 दर्ज की गई है। आरोपी जूनियर इंजीनियर की पहचान योजना एवं विकास विभाग, दरभंगा प्रमंडल-1 में पदस्थापित अंसारुल हक के रूप में हुई है। निगरानी विभाग की जांच में पाया गया कि उनकी संपत्ति उनकी ज्ञात आय से कई गुना अधिक है। निगरानी के डीएसपी शशिशेखर चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के बाद आय से अधिक संपत्ति को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद गुरुवार को दरभंगा और मधुबनी जिले में एक साथ छापेमारी की जा रही है। करीब दो दर्जन से अधिक निगरानीकर्मी इस कार्रवाई में शामिल हैं।