बिहार के मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के भवानीपुर स्थित उगना महादेव मंदिर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और बाबा उग्रनाथ मंदिर के महादेव के मुकुट, बजरंगबली मंदिर से बजरंगबली का कड़ा, तथा दान पेटी में रखे नकद और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए।
जांच में जुटी पुलिस
मंदिर परिसर में चोरों की आहट सुनने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर एसडीएम चंदन कुमार झा और डीसीपी अमित कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जांच मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में चोर की तस्वीर स्पष्ट दिखाई दे रही है, और इस आधार पर जांच की जा रही है।
पिछले साल भी मंदिर में हुई थी चोरी
स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि एक साल पहले भी मंदिर परिसर में लाखों रुपये मूल्य की चोरी हुई थी और पुलिस गस्ती सही ढंग से नहीं कर रही, जिसके कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। ग्रामीण इस घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं।
पुलिस को आवेदन का इंतजार
सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे और एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रघुनाथ महादेव मंदिर से महादेव के करीब 1 किलो चांदी का मुकुट, बजरंगबली मंदिर से 2 किलो चांदी का कड़ा, और दान पेटी में रखे नकद चोरी हुए हैं। फिलहाल मंदिर प्रशासन की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें: कॉलेज में मटन-चिकन पार्टी के बाद बवाल, अभाविप ने किया विरोध; जानिए पूरा मामला
डॉग स्क्वॉड ने की चोर के भागने के रास्ते की पहचान
हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है, जिसने चोर के भागने के रास्ते को चिन्हित कर लिया है। डीएसपी अमित कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।