नोएडा के सेक्टर-73 की गलियों में मूलरूप से बिहार निवासी इन दिनों चुनावी चर्चा से खुद को दूर नहीं रख पा रहे हैं। चुनाव को हर एक हलचल और घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि वह भले नोएडा में बैठे हैं, लेकिन मन बिहार में ही है। उनके घर-परिवार से लेकर खेत-खलिहान आज भी बिहार में हैं। बिहार विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि जिस तरह रोजगार की कमी और सुशासन की कमी के कारण उन्हें बिहार छोड़कर आना पड़ा, आगे की पीढ़ियां बिहार को छोड़ने के बजाय बिहार में ही रहकर उसे विकसित करने में अपना योगदान दे सकें, इसके लिए विकास करने वाली सरकार ही चुनी जानी चाहिए।