वाराणसी के रविंद्रपुरी स्थित आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहे पर बीते रविवार की रात सड़क किनारे माता-पिता के साथ सो रहे चार वर्षीय बच्चे को कार सवार युवक उठा ले गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है।
वाराणसी के रविंद्रपुरी स्थित आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहे पर बीते रविवार की रात सड़क किनारे माता-पिता के साथ सो रहे चार वर्षीय बच्चे को कार सवार युवक उठा ले गए। पूरी घटना नगर निगम के लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चा चोरों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
सामने घाट निवासी संजय का अपना कोई घर नहीं है। वह अपने परिवार के साथ सड़क किनारे गुजर-बसर करता है। संजय ने बताया कि बीते रविवार की रात वो अपने चार वर्षीय पुत्र रोहित और पत्नी के साथ रामचंद्र शुक्ल चौराहे के पास सड़क किनारे सो रहा था। अलसुबह नींद खुली तो मेरा बच्चा साथ में नहीं था। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला।
उसने भेलूपुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चला कि कार से आए युवकों ने माता-पिता के बीच में सो रहे बच्चे को हाथ पकड़ कर उठाया और कार में डालकर चलते बने। इस दौरान बच्चे के माता-पिता बेसुध होकर सोते रहे।
इस बाबत इंस्पेक्टर भेलूपुर रमाकांत दुबे ने बताया कि बच्चे को ले जाने वालों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। तहरीर के आधार अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।