पर्यटन सीजन और गर्मियों में पड़ने वाली स्कूलों की छुट्टियों का असर दून आने वाली ट्रेनों पर दिखने लगा है। स्थिति यह है कि सीटों की बात तो छोड़िए वेटिंग टिकट भी मिलने बंद हो गए हैं। वातानुकूलित श्रेणी की सीटों का रिजर्वेशन तो 25 जून तक सभी ट्रेनों में फुल हैं।
जून में पर्यटकों की आमद बढ़ने और स्कूलों की छुट्टियां होने के कारण अक्सर ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। इसका असर मई महीने में ही दिखने लगा है। रिजर्वेशन काउंटरों पर टिकटों के लिए मारामारी है। टिकट के लिए यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दिल्ली, इलाहाबाद, मुरादाबाद, हल्द्वानी, लखनऊ, कानपुर, हावड़ा और मुजफ्फरपुर समेत विभिन्न स्टेशनों और इन रूट पर सीटों के लिए खासी मारामारी है।
अतिरिक्त ट्रेन भी नहीं
दिक्कत की बात यह है कि रिजर्वेशन फुल होने के बावजूद रेलवे देहरादून से अतिरिक्त ट्रेनें चलाने पर फैसला नहीं ले पा रहा है। रेलवे अधिकारियों का तर्क है कि यहां पर प्लेटफार्म छोटा होने की वजह से फिलहाल ट्रेनों की संख्या बढ़ाना संभव नहीं है। स्टेशन अधीक्षक करतार सिंह ने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया गया है। मंडल से जो भी निर्देश मिलेंगे उसी हिसाब से ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
एक जून को दून से जाने वाली कुछ ट्रेनों में वेटिंग
ट्रेन ----------------- स्लीपर ----------- थर्ड एसी
हावड़ा एक्सप्रेस (प. बंगाल) -- 64 -----
लिंक एक्सप्रेस (इलाहाबाद) ----- (उपलब्ध) ----- 11
जनता एक्सप्रेस (वाराणासी) ----- 31 ----- 22
नंदा देवी एक्सप्रेस (दिल्ली)- सेकंड एसी --- 63 ----- थर्ड एसी 84
काठगोदाम एक्स. ----- 02 ----- 08