नौगांव ब्लाक के ठकराल पट्टी के करीब दस गांवों के लिए राजधानी एवं जिला मुख्यालय से सीधी बस सेवा शुरू होने से लोगों में खुशी की लहर है। यहां पहली बार पहुंची बस सेवा के वाहन चालकों का ग्रामीणों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
ठकराल पट्टी के थान नगाणगांव, स्यालव, गौल, फूलधार, सुकण, कुर्सिल आदि गांवों के नव निर्मित सड़क से जुड़ने के बावजूद कोई बस सेवा नहीं थी। अब जनता की मांग पर देहरादून से कुर्सिल, उत्तरकाशी से कुर्सिल गांव तक सीधी बस सेवा चालू होने पर ग्रामीणों ने संबंधित निजी कंपनियों का आभार जताया। भाजपा के जेपी रावत ने बताया कि बस सेवा के लगने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही काश्तकार सीधे अपनी उपज को राजधानी और मुख्यालय तक पहुंचा सकेंगे। बस सेवा चालू होने पर जिला पंचायत सदस्य आनंद राणा, रणवीर रावत, भगवती बिजल्वाण, रमेश नौटियाल आदि ने आभार जताया।