उपभोक्ताओं ने नहीं कराया सत्यापन, 25 दिसंबर तक सत्यापन कराना है जरुरी
उत्तरकाशी। जनपद में 5626 राशन कार्डों पर निरस्तीकरण की तलवार लटक गई है। राशन कार्ड धारकों के अपने कार्ड सत्यापित कराने के लिए जरूरी जानकरी मुहैया नहीं कराने पर जिला पूर्ति विभाग ने कार्ड निरस्तीकरण की तैयारी कर ली है। विभाग ने ऐसे राशन कार्ड धारकों को 25 दिसंबर तक का समय दिया है। यदि वे 25 दिसंबर तक अपने कार्ड सत्यापित नहीं कराते हैं तो कार्ड निरस्त किए जाएंगे।
जनपद में अंत्योदय योजना सहित लगभग 74605 राशन कार्ड धारक हैं जिन्हें सत्यापित करने के लिए पूर्ति विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (आरसीएमएस) के माध्यम से सत्यापित होने वाले ये कार्डधारकों से जरूरी जानकारी लेकर सत्यापित किए जा रहे हैं लेकिन अभी भी 5626 राशनकार्ड धारक ऐसे हैं जिन्होंने अपना राशन कार्ड सत्यापित कराने के लिए विभाग को जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।
विभाग ऐसे राशन कार्ड धारकों को सत्यापन के लिए कई बार समय दे चुका है। अब विभाग ने ऐसे कार्ड धारकों को सत्यापन का आखिरी अवसर दिया है। यदि वे 25 दिसंबर तक भी अपने कार्ड का सत्यापन नहीं कराते हैं तो उनके कार्ड निरस्त कर दिए जाएंगे।
5626 राशन कार्ड का सत्यापन नहीं हो पाया है। यदि 25 दिसंबर तक कार्ड धारक अपने कार्ड का सत्यापन नहीं कराते हैं तो ये सभी कार्ड निरस्त कर दिए जाएंगे। यह कार्ड निरस्त होते हैं तो राशन कार्ड धारकों की संख्या 68979 रह जाएगी।
-संतोष भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी उत्तरकाशी।
तो इसलिए बच रहे सत्यापन से
दरअसल, पूर्व में राशन कार्ड की यूनिट में गड़बड़ी सहित अन्य चीजें पकड़ में नहीं आ पाती थी लेकिन अब राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम सॉफ्टवेयर के माध्यम से इस तरह की गड़बड़ियां तुरंत पकड़ में आ जाती है। आधार कार्ड व सत्यापन की अनिवार्यता से गड़बड़ी की आशंका शून्य हो गई है। यही वजह है कि गड़बड़ी की आशंका वाले कार्डों के कार्ड धारक सत्यापन से बच रहे हैं।
किस गोदाम के कितने कार्ड
झाला में 167, नेताला 270, ज्ञानसू 645, धौंतरी 436, चिन्यालीसौड़ 728, बधाणगांव 12, बनचौरा 40, बड़कोट 522, डामटा 645, पुरोला 690, नैटवाड़ 494, दोणी 323, जखोल 128, तालुका 70 व आराकोट 456