आपदा से बदहाल पड़ी संगमचट्टी रोड पर वाहन ले जाने से टैक्सी संचालकों ने हाथ खड़े कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र के सात गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। संगमचट्टी मोटर मार्ग 2012 की आपदा के दौरान जगह-जगह ध्वस्त हुआ था। विभाग ने सड़क तो खोली, लेकिन उबड़-खाबड़ सड़क की हालत में सुधार नहीं किया। जिससे संगमचट्टी मार्ग पर टैक्सी संचालक वाहन ले जाने से कतरा रहे हैं।
विश्वनाथ जीप कमांडर सूमो, मैक्स एवं चालक मालिक कल्याण समिति के अध्यक्ष पुष्कर सिंह मलूड़ा ने बताया कि बृहस्पतिवार से संगमचट्टी मार्ग पर टैक्सी वाहन नहीं चलेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत बेहद खराब है। मार्ग पर वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। जब तक सड़क वाहनों के चलने लायक नहीं बन जाती, तब तक मार्ग पर टैक्सी नहीं ले जाएंगे।
टैक्सी मालिकों के ऐलान के बाद संगमचट्टी क्षेत्र के सात गांव को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। अगोड़ा निवासी संजय पंवार ने कहा कि वास्तव में सड़क की स्थिति सालों से बदहाल बनी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधि व विभाग कोई सुध नहीं ले रहे। इसका खामियाजा आपदा प्रभावित संगमचट्टी के गांवों को भुगतना पड़ रहा है।