मनेरा में एक दुकान और गोदाम में आग लगने से लाखों का सामान स्वाहा हो गया। दोनों दुकान और गोदाम एक ही व्यक्ति के थे। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
रविवार सुबह करीब 11 बजे मनेरा में एक दुकान में आग लग गई। दुकान की आग बगल के गोदाम तक जा पहुंची। फायर सर्विस के कर्मियों व स्थानीय लोगों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुुकान और गोदाम में रखा सामान स्वाहा हो चुका था। दुकान स्वामी अनिल थपलियाल ने बताया कि वह सामान की सप्लाई के लिए बाहर गए हुए थे। दुकान व गोदाम बंद थे। दुकान स्वामी थपलियाल ने आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया है। प्रभारी एफएसओ हर्षमणि भट्ट ने बताया कि दोनों दुकानों में भीषण आग थी। आग पर काबू पाने के लिए दो छोटे वाहन भेजे गए थे। बाद में प्रशासन की अनुमति मिलने पर जीआईसी उत्तरकाशी में बने स्ट्रांग रूम में रखी मशीनों की सुरक्षा में तैनात वाहन को भी मंगाया गया। लीड फायर मैन हर्षमणि भट्ट ने बताया कि घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। संवाद