बड़कोट में राजगढ़ी सरनौल सड़क एक माह से अधिक समय से है क्षतिग्रस्त।
- फोटो : UTTER KASHI
उत्तरकाशी के दूरस्थ पट्टी सर बडियार व ठकराल के 13 गांवों के ग्रामीणों को एक माह बाद से भी अधिक समय से समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से अधिकांश वाहन चाल कोटी से आगे जाने से कतरा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस परेशानी को दूर करने की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
सरबडियार के आठ गांव व ठकराल पट्टी के पांच गांवों को जोड़ने वाली राजगढ़ी सरनौल सड़क एक माह से अधिक समय से कोटी गांव के पास क्षतिग्रस्त है। अमर उजाला ने प्रमुखत: से ग्रामीणों की समस्या को उजागर किया था। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद विभाग सक्रिय हुआ लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मरम्मत का काम कछुए की गति से चल रहा है। इस बीच छोटे वाहनों के लिए सड़क खोलने की बात की गई है लेकिन जोखिम के कारण अधिकांश वाहन चालक कोटी से आगे जाने से कतरा रहे हैं। इस कारण आज भी अधिकांश लोग पैदल चलने को मजबूर हैं। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से गुणवत्ता के साथ सुरक्षात्मक कार्य जल्द पूरा करवाकर सुरक्षित आवाजाही की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय से काम पूरा न किया गया तो आंदोलन को बाध्य होंगे। इस संबंध में पीएमजीएसवाई के एई आनंद मोहन रायजादा का कहना है कि जल्द काम पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।