उत्तरकाशी के ज्ञानसू खाद्यान्न गोदाम के बाहर प्रदर्शन करते सस्ता गल्ला विक्रेता।
- फोटो : UTTER KASHI
राशन प्रोत्साहन योजना के तहत मानदेय देने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की बेमियादी हड़ताल जारी है। बृहस्पतिवार को विक्रेताओं ने जिला मुख्यालय के ज्ञानसू में स्थित पूर्ति विभाग के खाद्यान्न गोदाम के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने शीघ्र लंबित मांगों के निस्तारण की भी मांग की।
सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता एसोसिएशन से जुड़े विक्रेता बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में ज्ञानसू में एकजुट हुए। उन्होंने पूर्ति विभाग के गोदाम के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्र्षवर्द्धन राणा ने एपीएल की दाल व चावल में मिलने वाले 18 रुपये लाभांश को नाकाफी बताया। कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर एक विक्रेता की मौत भी हुई, जिसे कोई मदद नहीं दी गई। विक्रेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होगा तब तक वह रेगुलर राशन का उठान नहीं करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में शूरवीर सिंह राणा, जगबीर सिंह, राधा कृष्ण, वीरेंद्र, सुभाष भट्ट, सोहन परमार शामिल थे। संवाद