ग्राम प्रधान संगठन विकास खंड डुंडा के प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी के खिलाफ डीएम कार्यालय में धरना दिया। ग्राम प्रधानों का कहना था कि खंड विकास अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। साथ ही मनरेगा के कार्यों में भी अनियमितता बरती जा रही है। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी के स्थानांतरण की मांग भी की।
शनिवार को ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रताप सिंह रावत के नेतृत्व में विकासखंड डुंडा के ग्राम प्रधानों ने डीएम कार्यालय में धरना दिया। प्रदेश महामंत्री प्रताप सिंह रावत व ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता नेगी ने कहा कि खंड विकास अधिकारी विकास कार्यों में मनमानी कर रहे हैं। मनरेगा कार्यों में भी अनियमितता बरती जा रही है। प्रताप रावत ने कहा कि कुछ अवर अभियंताओं के स्थानांतरण हुए थे जिन्हें खंड विकास अधिकारी ने रिलीव कर दिया है। उन्हें स्थानांतरण से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन इन अवर अभियंताओं की ओर से कराए जा रहे कार्यों के पूर्ण होने व ग्राम प्रधानों की एनओसी मिलने के बाद ही इन्हें रिलीव किया जाना चाहिए था। ग्राम प्रधानों ने रिलीव किए गए अवर अभियंताओं को वापस बुलाने की मांग भी की। धरना देने वालों में राम मोहन उनियाल, बबीता जोशी, महेंद्र पाल सिंह परमार, बृजपाल रजवार, शालिग्राम भट्ट, वीरेंद्र चौहान, धर्मवीर पंवार, अनवीर पंवार, राजेश राणा आदि शामिल थे।