जिला मुख्यालय स्थित मोक्ष घाट केदारघाट में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन और गंगा विचार मंच की पहल पर सिंचाई विभाग ने घाट किनारे आवागमन के लिए प्लेटफार्म तैयार करने के साथ नदी की धारा के निर्बाध प्रवाह के लिए चैनलाइजेशन का कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है।
बुधवार को गंगा विचार मंच के प्रदेश संयोजक लोकेंद्र बिष्ट, पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल व सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता जयपाल पंवार ने केदार घाट का निरीक्षण किया। गंगा विचार मंच के प्रदेश संयोजक ने अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को होनी वाली परेशानी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि घाट किनारे गंदगी पसरी होने लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीएम से भी वार्ता की गई थी, जिस पर जिलाधिकारी की ओर से भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को घाट का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इस अवसर पर पहुंचे सिंचाई खंड के ईई जयपाल सिंह रावत ने कहा कि घाट के आगे दो मीटर चौड़ा प्लेटफार्म तैयार किया जाएगा। उन्होंने घाट की ओर से नदी की धारा के निर्बाध प्रवाह के लिए चैनलाइजेशन का काम करने की भी बात कही। पालिकाध्यक्ष ने घाट की साफ-सफाई के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर क्षेत्र के सभासद महावीर चौहान, पुष्पा चौहान, गजेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।