क्षेत्र पंचायत की बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की सड़क, बिजली, पेयजल और मनरेगा के मटेरियल भुगतान में हो रही अनावश्यक देरी पर प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सदन में हंगामा किया। इस दौरान विधायक केदार सिंह रावत ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर विकास की योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
बुधवार को विकासखंड सभागार में प्रमुख विजेंद्र रावत की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में प्रधान नत्थी भंडारी, श्रीचंद रमोला, पूनम रमोला, रोशनी गुसाईं, मनवीर, दयाशंकर आदि पंचायत प्रतिनिधियों ने धरासू, ताराकोट, कोट, बागी, बगोड़ी, गढ़वाल गाड़, तल्ला जोगत की सड़कों का मानकों के अनुरूप शीघ्र निर्माण नहीं होने पर हंगामा किया। उनका कहना था कि विकास कार्यों में विभागीय अधिकारी जानबूझकर देरी करते हैं।
उन्होंने रौतल, मणि, धारकोट, उड़खोला, सूरी तारा कोट, खांड, शिरा गांवों में पेयजल संकट दूर करने की मांग की। विधायक केदार सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारी व कर्मचारियों से सामूहिक रूप से विकास कार्य को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर विकास की योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले चार लोगों को उत्तम कृषि पुरस्कार के तहत दस-दस हजार के चेक देकर सम्मानित किया गया। सीडीओ उदय सिंह राणा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से विकास योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र राणा, एसडीएम सौरभ असवाल, बीडीओ एसएस चौहान, कृषि अधिकारी एमएस तोमर, वीरेंद्र वर्मा, डीके बिस्ट, नागेंद्र रावत, डा. जितेंद्र भंडारी आदि मौजूद थे।