केदारताल ट्रैक पर फंसे हुए आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में अब तक चार के शव बरामद हो चुके हैं। इनमें लखनऊ निवासी दो बहनों के शव भी हैं। दो लोगों के शव मंगलवार को और दो शव बुधवार को मिले हैं। लखनऊ की दीपिक वर्मा व वर्तिका वर्मा के लिए यह उनका अंतिम ट्रैक बन गया। बहनों को ढूंढने आए इनके भाई अतुल वर्मा ने शवों की शिनाख्त के बाद किसी प्रकार से अपने परिवार के लोगों को इसकी सूचना दी। वर्मा ने बताया कि उनकी बहनें लंबे समय से ट्रैकिंग करती थी। दो माह पूर्व ही चमोली में फूलों की घाटी का ट्रैक किया था।
केदारताल ट्रैक पर बुधवार दोपहर बाद फिर बर्फबारी शुरू होने के बाद अभियान रोकना पड़ा। बृहस्पतिवार को दोबारा चार लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि दोनों मृतक महिलाओं की शिनाख्त गायत्रीपुरम लखनऊ निवासी दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें...देहरादून कार हादसा: सामने था खौफनाक मंजर, तमाशबीन बनी भीड़ का नहीं पसीजा दिल, बनाते रहे वीडियो
उनकी शिनाख्त भाई अतुल वर्मा ने की है। अन्य दो लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह पर्वतारोही पांच दिन पूर्व केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप हिमस्खलन के बाद बर्फबारी होने से फंस गए थे। उनकी तलाश करने के लिए एसडीआरएफ व निम की टीम तभी से अभियान चला रही थी।