पौंटी-कांसी मोटर मार्ग पिछले पांच वर्ष से पूरा होने के इंतजार में है। महज छह किमी सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी है, लेकिन विभाग सुध लेने को तैयार नहीं है। हालांकि ग्रामीण अपने रिस्क पर जान जोखिम में डालकर सड़क से सफर तय करने को मजबूर हैं।
नगर क्षेत्र से पांच किमी दूर पौंटी-कांसी मोटर मार्ग शुरू होता है। वर्ष 2012 में मोटर मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। करीब पौने दो करोड़ की लागत से सड़क निर्माण हुआ, लेकिन अभी तक ठेकेदार की लापरवाही के कारण सड़क का काम आधा अधूरा है।
पांच साल बीत गए, लेकिन कार्यदायी विभाग ने भी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जहमत तक नहीं उठाई। पौंटी, कांसी, मोल्डा, हुडोली समेत आधा दर्जन गांवों को जोड़ने वाली यह सड़क एआरटीओ से पास नहीं है। फिर भी लोग जान जोखिम में डालकर गांव तक पहुंचने को मजबूर हैं।
सड़क पर नाली, दीवार निर्माण व डामर जैसे काम पूरे नहीं होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान विनीता, क्षेत्र पंचायत सदस्य रशिका, बुद्धि बहुगुणा आदि का कहना है कि ठेकेदार के खिलाफ विभाग को कार्रवाई के लिए कई बार लिख चुके हैं, लेकिन विभाग उदासीन बना है। वहीं पीएमजीएसवाई के अधिकारी नारायण सिंह का कहना है कि ठेकेदार को नोटिस भेजा जा चुका है। ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।