डुंडा देवीधार स्थित रेणुका माता मंदिर प्रांगण में आयोजित विकास मेले का दूसरा दिन लोक गायिका संगीता ढौडियाल के नाम रहा। उनकी गीत प्रस्तुतियों पर दर्शक जमकर झूमे। मेले में लगे सरकारी एवं व्यवसायिक स्टालों पर भी ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।
बीते साल की भांति इस बार भी जिले के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में डुंडा विकासखंड की ओर से तीन दिवसीय विकास मेले का आयोजन किया जा रहा है। डुंडा देवीधार स्थित मां रेणुका मंदिर प्रांगण में आयोजित मेले के दूसरे दिन लोक गायिका संगीता ढौडियाल और अर्जुन सेमल्टा ने गीत प्रस्तुतियों से रंग जमाया। संगीता के 'नंदा सुनंदा', 'लौंडा चंदना' आदि गीतों पर दर्शक जमकर झूमे। ग्रामीणों ने मेले में पहुंची मां रेणुका, कचुड़ा देवता, चंदन नाग, राजराजेश्वरी, नागराज आदि देवी-देवताओं की डोलियों के साथ नृत्य किया और उनका आशीर्वाद लिया।
बृहस्पतिवार को मेले में मुख्य अतिथि डीएम विनय शंकर पांडेय ने मेले में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करने को कहा। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख कनकपाल परमार, एडीएम अशोक पांडेय, एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, बीडीओ सावित्री रावत, पदम दत्त जोशी आदि मौजूद रहे।
आज डुंडा मेले में पहुंचेंगे सीएम
जिला सूचना अधिकारी एएस पंवार ने बताया कि सीएम हरीश रावत शुक्रवार को विकास मेले के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम दोपहर ढाई बजे हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा डुंडा पहुंचकर वे मेले में शामिल होंगे और शाम चार बजे देहरादून लौटेंगे।