भूस्खलन जोन में बने पंचकर्म भवन के धंसने के मामले में डीएम ने जिला आयुर्वेद अधिकारी से जानकारी मांगी है। जिलाधिकारी ने कहा कि भवन निर्माण संबंधी रिपोर्ट के अध्ययन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
16 अगस्त को पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर सात में बना पंचकर्म भवन छत और भवन का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया था। भवन का निर्माण सात वर्ष पूर्व 58 लाख की लागत से किया गया था। भवन निर्माण से पहले भूमि का भूगर्भीय सर्वेक्षण भी नहीं कराया गया था। इस पर अमर उजाला ने शुरुआत में ही ‘भूस्खलन जोन में बन रहा भवन’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रशासन को चेताया था। लेकिन प्रशासन की नींद नहीं टूटी। नतीजा यह रहा है कि 16 अगस्त को भवन की छत व एक हिस्सा ध्वस्त हो गया था।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला आयुर्वेद अधिकारी से भवन निर्माण संबंधी जानकारी मांगी। जिलाधिकारी ने बताया कि भवन कब बना था और किसने बनाया था, इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।