फार्मेसी संवर्ग के पुनर्गठन समेत 18 सूत्री मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्टों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी है। सोमवार को जिला अस्पताल में फार्मासिस्टों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार से बेमियादी हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन शाखा उत्तरकाशी से जुड़े डिप्लोमा फार्मासिस्ट 12 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार पर है। संगठन के अध्यक्ष रतनमणी नौटियाल व सचिव विजयभारत पुरी ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि वह लंबे समय से संवर्ग के पुनर्गठन समेत सेवा नियमावली, पदोन्नति के पदों पर डीपीसी, पोस्टमार्टम भत्ता, प्रोन्नति के पदों का वेतनमान, एसीपी की पूर्व व्यवस्था 10, 16, 26 को लागू करने, गोल्डन कार्ड की खामियां दूर करने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो रही है। मंडलीय अध्यक्ष वीरेंद्र पंवार की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में गोपाल राणा, टीएस नेगी, अनिल पुरी, मुकेश शाह, एचएस रावत, कुशला शाह, आनंद सिंह आदि शामिल रहे।