हरिद्वार से भटवाड़ी जा रही एक रोडवेज बस ने मनेरी बैराज के समीप एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। परिजन महिला को जिला अस्पताल लेे जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर रोडवेज सीज कर दी। वहीं पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हरिद्वार से भटवाड़ी जा रही रोडवेज बस में उत्तरकाशी से जामक निवासी बिशना देवी (50) पत्नी कमलू भी बस में सवार होकर अपने घर के लिए निकली। इस बीच मनेरी बैराज के पास कुछ सवारियां बस से उतरी, जिनमें बिशना देवी भी भी। सड़क क्रॉस करने के लिए वह बस के आगे से आ गई। इतने में चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया, जिससे महिला उसकी चपेट में आ गई।
महिला को उपचार के लिए मनेरी पुलिस जिला अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष मनेरी इंस्पेक्टर दिग्पाल कोहली ने बताया कि रोडवेज बस को सीज कर चालक अशोक कुमार निवासी हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक का पति कमलू मजदूरी और बेटा किशोरी लकड़ी की कारपेंटरी का काम करता है।
दूसरी ओर, भंकोली गांव निवासी सत्यम (17) पुत्र गोविंद सिंह अपने मामा के घर ढासड़ा गांव गया था। सुबह वह ढासड़ा गांव से अपने गांव भंगोली के लिए निकला था।
तभी गांव से करीब 500 मीटर दूर पहाड़ी से गिरा पत्थर उसके सिर पर लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से आ रहे गांव के दो अन्य लोगों ने इसकी सूचना मनेरी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि उसका भाई ग्रिप की कैंटीन में काम करता है।