फार्मेसी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी मनीष अवस्थी के नेपाल में छिपे होने की संभावना है। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि करने को तैयार नहीं है। पुलिस आरोपी के घर की कुर्की करने की तैयारी में है, जिसके लिए पुलिस ने कोर्ट में आवेदन किया है।
बता दें कि शुक्रवार रात को नगर क्षेत्र में फार्मेसी की छात्रा के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था, जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
लेकिन चौथा आरोपी मनीष अवस्थी अभी तक फरार चल रहा है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को गैर जमानती वारंट भी मिल गया है, जबकि पुलिस ने उसके घर की कुर्की के लिए भी कोर्ट में आवेदन किया है। वहीं पांच दिनों से लापता चल रहे चौथे आरोपी मनीष को पकड़ने के लिए एसपी ददन पाल ने 2500 रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है। जबकि आरोपी मनीष के नेपाल में छिपे होने की संभावनाएं है। परिजनों ने पुलिस को नेपाल एसटीडी के कुछ नंबर भी सौंपे हैं।
हालांकि इन नंबरों पर कॉल नहीं लग पा रही है। वहीं कोतवाली प्रभारी महादेव उनियाल ने इस बात से इंकार किया है कि आरोपी नेपाल फरार हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जबकि उसके घर की कुर्की के लिए भी कोर्ट में आवेदन किया गया है।