नौगांव (उत्तरकाशी)। क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले जाने वाले युवक को ग्रामीणों ने धर दबोचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की की तहरीर पर युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस चौकी इंचार्ज प्रदीप तोमर ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर को बाहर से आए एक युवक द्वारा क्षेत्र की नाबालिग को बहला-फुसला कर भगाने की सूचना दी। मुंगरा पुल पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। नाबालिग ने युवक द्वारा फोन पर परेशान करने, धमकी देने और यहां आकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक छर्बा सहसपुर देहरादून निवासी कुर्बान (21) के खिलाफ भादंसं की धारा 354, 506 एवं पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक देहरादून किसी फैक्ट्री में काम करता है। दो साल से वह छात्रा को फोन पर परेशान करने के साथ ही बहलाने-फुसलाने में लगा था। करीब डेढ़ साल पहले युवक नाबालिग के गांव तक पहुंच गया था, तब ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर भगा दिया था। इसके बाद भी उसने फोन पर परेशान करना जारी रखा और रविवार को नौगांव आकर एक होटल में ठहरा। यहां से उसने लड़की को फिर फोन कर मिलने के लिए बुलाया। लड़की स्कूल से छुट्टी लेकर वहां पहुंची, तो उसने लड़की के साथ छेड़छाड़ की।