देहरादून में होने वाले सेब महोत्सव को कांग्रेस ने सरकारी धन का दुरुपयोग बताया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार हर्षिल के सेब को पहचान दिलाए जाने के लिए महोत्सव के आयोजन की बात कह रही है, जबकि हर्षिल का सेब पूरे देश में अपनी विशेष पहचान रखता है। सरकार सेब महोत्सव पर पैसा खर्च करने के बजाय यहां के काश्तकारों से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए। काश्तकार कोल्ड स्टोर के लिए भी तरस रहे हैं।
देहरादून में 24 सितंबर से सेब महोत्सव होना है, लेकिन कांग्रेस ने आयोजन से पहले ही महोत्सव की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने सेब महोत्सव को सरकारी पैसों का दुरुपयोग बताया। सजवाण ने कहा कि जनपद के सेब काश्तकार मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरस रहे हैं। कांग्रेस शासनकाल में हर्षिल झाला में कोल्ड स्टोर बनाया गया था, लेकिन भाजपा सरकार की उदासीनता के चलते 11 करोड़ की लागत से बना 1200 मीट्रिक टन की क्षमता वाला कोल्ड स्टोर ठप पड़ा है। हर्षिल क्षेत्र में सेब तोड़ने का सीजन शुरू हो गया है, लेकिन सेब रखने के लिए कोल्ड स्टोर का संचालन न होने से काश्तकारों को सेब खराब होने का डर सता रहा है। हर्षिल घाटी के सेब काश्तकारों ने महोत्सव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। लेकिन सरकार इस ओर ध्यान देने की बजाय सेब महोत्सव के नाम पर अपना ढोल पीटने में मशगूल है। काश्तकारों को जरूरी दवाइयां, कीटनाशक भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। जंगली जानवर सेब की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग मूूक दर्शक बना हुआ है। सजवाण ने जल्द कोल्ड स्टोर के संचालन की मांग की है।