वरुणावत पर्वत की मरम्मत के लिए प्रशासन ने फिर से कमर कसनी शुरू कर दी है। डीएम और स्थानीय विधायक गोपाल रावत ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए हैं कि मानसून आने से पूर्व वरुणावत पर्वत की अस्थायी मरम्मतीकरण कार्य पूर्ण किया जाए।
गंगोत्री विधायक गोपाल रावत और डीएम आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को साथ लेकर वरुणावत पर्वत का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि वरुणावत पर्वत की स्थायी मरम्मत के लिए उन्होंने छह करोड़ 62 लाख की डीपीआर शासन को भेजी है, लेकिन शासन से अभी तक पांच लाख ही स्वीकृत हुए हैं।
विधायक गोपाल रावत ने कहा कि शीघ्र ही मरम्मत का कार्य अगर किया जाता है, तो बरसात में खतरा कम होगा। डीएम ने सड़क के निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिशासी अभियंता पीएमजेएसवाई को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। 15 जून तक वैली ब्रीज तक ब्लैक टॉप का कार्य पूर्ण किया जाए।
कार्य में लापरवाही बरतने पर एसडीएम भटवाड़ी को कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने एनबीसीसी के अधिशासी अधिकारी को पुल का निर्माण कार्य 20 दिन के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जबकि सेकु मोटर पुल के कार्य में तेेजी लाने को कहा। संगमचट्टी मोटर मार्ग जो नदी तट से होकर गुजर रहा है।
उस पर गुलेड़ा से गजोली हेलीपैड तक नए सिरे से एलाइमेंट बनाए जाए। विधायक गोपाल रावत ने संगमचट्टी से पूर्व सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता में अनियमितता पाए जाने पर दीवार तोड़कर नए सिरे से निर्माण करने के निर्देश दिए।