गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी से हर्षिल गंगोत्री की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। डबरानी व गंगनानी के बीच हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भटवाड़ी में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे एक कार हर्षिल गंगोत्री की ओर जा रही थी। कार डबरानी व गंगनानी के बीच अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में हर्ष मिश्रा (32) निवासी औरैया उत्तरप्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रितेश उर्फ अंशुल निवासी सत्येश्वर नगर, रमेश सिंह व विशाल कुशवाह तीनों निवासी औरैया उत्तरप्रदेश घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई लेकिन बारिश के चलते हेल्गुगाड के पास भूस्खलन से हाईवे बंद होने के कारण टीम कुछ देर तक फंसी रही। बाद में टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतक व घायलों को खाई से निकाला।