उत्तरकाशी जिला अस्पताल के शव विच्छेदन गृह के बाहर हंगामा काटते मृतक के परिजन।
- फोटो : amar ujala
उद्यान विभाग के माली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने करीब सात घंटे तक जिला अस्पताल में हंगामा काटा। परिजनों का आरोप था कि पुलिस मामले को हल्के में लेकर कार्रवाई करने के बजाए टाल रही है। इसके बाद ब्रह्मखाल पुलिस चौकी में परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या की धारा में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन माने और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
बता दें कि डुंडा ब्लाक स्थित नगल गांव निवासी विनोद सिलवाल (35 वर्ष) शुक्रवार रात अपने किसी रिश्तेदार के मेंहदी समारोह में शामिल होने करीब तीन किमी दूर स्यालना गांव गया था। रात को विनोद घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह स्यालना गांव से 200 मीटर की दूरी पर स्थानीय लोगों को एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ मिला। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने धरासू पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पास जाकर देखा तो तब तक युवक दम तोड़ चुका था। मृतक की पहचान विनोद सिलवाल पुत्र प्रेमलाल सिलवाल नगल गांव निवासी के रूप में की गई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर बुलाया और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम हो जाने के बावजूद परिजनों ने शव को जिला अस्पताल से नहीं उठाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस मामले को हल्के में लेकर टाल रही है। इसके बाद मृतक के भाई राजेश ने विनोद की हत्या कीआशंका जताते हुए ब्रह्मखाल पुलिस चौकी में तहरीर दी।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही सीओ बड़कोट देवी दत्त चौसीली जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन कुछ शांत हुए और वहां से शाम करीब साढ़े चार बजे शव को उठाकर अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
मृतक के परिजनों ने कहा कि आठ मार्च तक पुलिस कार्रवाई किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची तो नौ मार्च को मृतक के परिजन धरासू बैंड पर हाईवे जाम करने के लिए विवश होंगे। एसपी ददन पाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।