जिला मुख्यालय से सटे कस्बे की एक युवती के साथ सामूहिक दुराचार का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी भी फरार चल रहा है। वहीं पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थाना कोतवाली में दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ रात को केदारघाट की तरफ टहल रही थी। तभी चार युवक वहां आ धमके और उसके साथ जबरदस्ती कर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। विरोध करने पर युवती और उसके दोस्त के साथ आरोपियों ने मारपीट भी की, जिससे दोनों को काफी चोटें आई हैं। थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि युवती एक संस्थान से फार्मेसी कर रही है।
वह शुक्रवार रात को बाजार में रह रही अपनी सहेली के घर रहने आई थी। रात को वह अपने दोस्त के साथ केदारघाट की तरफ घूम रही थी, तभी वहा चार युवक आ धमके। उन्होंने उन दोनों को अकेला पाकर युवती के साथ जोर-जबरदस्ती करने लगे। दोनों के विरोध करने पर उन्होंने उनके साथ मारपीट कर दी। बाद में चारों ने युवती का बलात्कार किया। बताया कि पीड़िता का दोस्त तनिष्क एक संस्थान में दैनिक वेतनभोगी कर्मी है। युवती से उसकी करीब तीन साल से दोस्ती है, जबकि आरोपियों को वह नहीं जानती है। बताया कि घटना को अंजाम देने के दौरान वे आपस में एक-दूसरे का नाम ले रहे थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जोशियाड़ा निवासी विजय शंकर कोटि, आशीष बिजल्वाण, मनीष अवस्थी और अजय भट्ट के खिलाफ सामूहिक दुराचार व मारपीट की धारा 376, 323, 504, 34, 342 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मनीष को छोड़कर तीनों आरोपियों को शनिवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है।