गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पांच सौ मीटर गहरी खाई गिरकर भागीरथी में समा गया। रेस्क्यू टीम द्वारा काफी खोजबीन करने पर भी चालक का पता नहीं चल सका है। उधर, कांसी चिन्यालीसौड़ में एक यूटीलिटी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोग घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार को गंगोत्री राजमार्ग पर नालूपानी के पास करीब साढ़े दस बजे ट्रक (संख्या यूके 07सीए 3261) अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में समा गया। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन की टीम ने शाम करीब पांच बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी ट्रक में सवार चालक का कोई पता नहीं चल सका। हालांकि पुलिस की एक टीम भागीरथी के किनारे उसकी खोजबीन में जुटी है।
उधर, चिन्यालीसौड़ में कांसी के पास करीब सवा नौ बजे यूटीलिटी (संख्या यूए 07ए 2258) दुुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें सवार ऋषिकेश के त्रिपेन सिंह, हेल सिंह, मदन सिंह और अतर सिंह घायल हो गए, जिन्हें पीएचसी चिन्यालीसौड़ में उपचार के बाद चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी। धरासू एसओ रविंद्र यादव ने बताया कि ट्रक में सवार चालक की खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। ब्यूरो