फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarkashi News: गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए खांसी गांव में हो एएनएम तैनात

Sun, 31 May 2026 06:58 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उत्तर काशी
विज्ञापन
विज्ञापन
सीएचसी से 12 किमी दूर है खांसी गांव, आवाजाही में लोगों को होती है दिक्कत
विज्ञापन

नौगांव (उत्तरकाशी)। खांसी गांव के लोगों ने क्षेत्र में एएनएम की नियुक्ति की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में एएनएम की तैनाती होने से गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। क्षेत्र में एएनएम की व्यवस्था नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच और टीकाकरण के लिए सीएचसी तक जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि खांसी गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित है। गांव तक पहुंचने वाली कच्ची सड़क के कारण यात्रा कठिन है और विशेषकर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जोखिम बना रहता है। ग्राम प्रधान सूर्यपाल रावत ने क्षेत्रीय विधायक को पत्र भेजकर गांव में एएनएम स्वास्थ्य कार्यकर्ता की नियुक्ति की मांग की है।
विज्ञापन

इस संबंध में विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्य चिकित्साधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि खांसी गांव की आबादी लगभग 600 है। वर्तमान में गांव की सात गर्भवती महिलाओं का प्रसव वर्षाकाल के दौरान संभावित है। उन्होंने कहा कि बरसात के समय सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है जिससे गांव तक वाहन नहीं पहुंच पाते।
विज्ञापन

ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को सामान्य उपचार के लिए भी मोल्डा गांव होते हुए सीएचसी पहुंचने के लिए लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं, सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी ने बताया कि दूरी के निर्धारित मानकों के अनुसार खांसी गांव पहले से ही अस्पताल के कार्यक्षेत्र में आता है और गर्भवती महिलाएं अस्पताल पहुंचकर टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करती हैं। उन्होंने कहा कि गांव में अलग से एएनएम की नियुक्ति या व्यवस्था करना शासन स्तर का विषय है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें