जिले में कोरोना महामारी एक बार फिर पैर पसार रही है। पिछले एक पखवाड़े में कोरोना के लगातार सामने आ रहे मामले इसकी तस्दीक कर रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो 15 दिन में 36 कोरोना संक्रमित मिले।
जिले में 31 अगस्त को कोरोना के तीन मामले सामने आए, जिसके बाद से औसतन हर दिन ही पॉजिटिव मामले आ रहे हैं। बीते दिनों में 18 वर्ष से कम उम्र के तीन छात्र-छात्राएं भी महामारी की चपेट में आए। 11 सितंबर को सर्वाधिक नौ संक्रमित मिले। सीएमएस डा. एसडी सकलानी ने बताया कि वर्तमान समय में जिला अस्पताल में भी एक संक्रमित भर्ती है। वहीं कोविड वॉर रूम में तैनात एसीएमओ डा. विपुल बिस्वास का कहना है कि ज्यादातर पॉजिटिव केस यमुनाघाटी से सामने आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर शुक्रवार को वृहद स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें पांच सौ लोगों को पहला और पांच हजार को दूसरा कोविड टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। एसीएमओ ने बताया कि इसके लिए टीकाकरण में लगी टीमों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।