उत्तरकाशी। पौराणिक माघ मेले ‘बाड़ाहाट कु थौलु’ का क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता व हरि महाराज के ढोल के सानिध्य में जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित आठ दिवसीय मेले के शुभारंभ पर स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं के साथ ही विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए।
मेले के शुभारंभ पर जिला पंचायत सदस्यों, स्कूली बच्चों व श्रद्धालुओं ने गंगा-यमुना कलश यात्रा निकाली। विश्वनाथ मंदिर से आरंभ हुई यात्रा पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद रामलीला मैदान स्थित मेला परिसर में पहुंची, जहां आयोजक मंडल द्वारा मेला मंच का विधि विधान के साथ पूजन किया गया। इसके बाद कंडार देवता की डोली व हरि महाराज के ढोल की अगुवाई में जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने मेले का उद्घाटन किया। इस बीच किशनपुर के भगवान नागराज व कैलापीर, मानपुर की पुंडयारी देवी व कैलापीर, बाड़ागड्डी की खंडद्वारी देवी, अलेथ के घंडियाल देवता, धनपुर के नरसिंह देवता व चिन्यालीसौड़ की मां दक्षिण काली व राजराजेश्वरी आदि देव डोलियों ने मेला मंच में पहुंचकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर पुरोला विधायक राजकुमार, पुरोला नगर पंचायत अध्यक्ष हरि मोहन नेगी, जिला पंचायत सदस्य मंगला राणा, संतोषी सजवाण, पवन नौटियाल, हर्ष अग्निहोत्री, जितेंद्र राणा, धमेंद्र बिष्ट, सुरेश राणा, गुलाब सिंह राणा, एएमए कबूल चंद आदि मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं को सिखाए सूर्य नमस्कार के गुर
नौगांव। क्रीड़ा भारती की ओर से मकर संक्रांति के पावन पर्व पर प्राथमिक विद्यालय सौली में सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष सुशील राणा ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास के फायदों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर क्रीड़ा भारती के सहमंत्री कमल, उपाध्यक्ष राकेश, सुनील कोहली, प्रवीण, प्रताप, कुलदीप, अमित, राजेश, नरेश, दीपक, महेश आदि मौजूद रहे।