उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे पर सुनगर के पास बीते रोज हुए वाहन में गंभीर रूप से घायल एक महिला तीर्थयात्री ने देहरादून में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद अब घटना में मरने वालों की संख्या दस हो गई हे। शेष चार घायलों को भी देहरादून रेफर किया गया था। उनकी हालत में अब सुधार है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर प्रशासन ने शुक्रवार रात ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट भिजवा दिया था।
शुक्रवार शाम को गंगोत्री से लौटते हुए तीर्थयात्रियों से भरा एक टैंपो ट्रैवलर सुनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में आठ तीर्थयात्रियों के साथ ही वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद देहरादून रेफर कर दिया गया था। शनिवार सुबह देहरादून में उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल कंचन बेन (50) पत्नी हेमराज निवासी राजकोट, गुजरात ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या अब 10 हो गई है। वहीं जिला प्रशासन ने शुक्रवार रात को ही सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कर उनके शवों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट भेज दिया था। जहां से उन्हें हवाई जहाज से राजकोट गुजरात उनके घरों तक भेजा जा रहा है।
इधर, हादसे के कारणों की पड़ताल के लिए डीएम डा. आशीष चौहान ने हादसे की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम भटवाड़ी को जांच अधिकारी नियुक्त कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है। हादसे के कारणों की पड़ताल के साथ ही भविष्य में हादसों की रोकथाम के लिए सुझाव भी मांगे गए हैं।