उत्तरकाशी। प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने और शिक्षा के स्तर में सुधार पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी को सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या कम होने का कारण बताया। मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने के साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
बृहस्पतिवार को शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि सरकारी स्कूलों में प्रशिक्षित शिक्षकों और सस्ती शिक्षा के बावजूद अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला प्राइवेट स्कूलों में करा रहे हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर डीएलएड ब्रिज कोर्स को स्थगित करने, प्रारंभिक शिक्षा में कार्यरत सहायक अध्यापकों का वेतनमान बढ़ाने आदि की मांग की। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य, हेमलता गौड़, उदय सिंह बिष्ट, डबल सिंह राणा, दिग्विजय चौहान, शरद महर, जय सिंह चौहान, रामप्रकाश रावत, माधव नौटियाल आदि मौजूद रहे।