बड़कोट (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने बाबा बौखनाग देवता की डोली के साथ गंगनाणी वसंत मेले (कुंड की जातर) का शुभारंभ किया। उन्होंने अपनी परंपराओं और समृद्ध संस्कृति को सहेजने के लिए इस तरह के पौराणिक मेलों को भव्य रूप देने पर जोर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 83.49 करोड़ रुपये लागत की 18 योजनाओं का लोकार्पण और एक योजना का शिलान्यास किया। सीएम ने कहा कि लिंगानुपात मामले में उत्तरकाशी जनपद अग्रणी और सही मायने में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान का ब्रांड एंबेसडर है। यहां एक हजार बालकों पर बालिकाओं की संख्या 1097 है। कार्यक्रम में सीएम ने डेढ़ दर्जन योजनाओं की घोषणाएं करते हुए मौके पर ही इनके शासनादेश भी उपलब्ध कराए।
जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने सीएम से कुंड की जातर को पर्यटन मानचित्र पर जगह देने व हरबर्टपुर से बड़कोट तक यमुनोत्री हाईवे को भी ऑल वेदर रोड में शामिल करने की मांग की। यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने यमुना घाटी को पृथक जिला बनाने की मांग की। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश रमोला, प्रमुख रचना बहुगुणा, पालिकाध्यक्ष अतोल रावत, सकलचंद रावत, भगत राणा, अनिल कुमार, लक्ष्मण भंडारी, जगवीर भंडारी, धर्मेंद्र बिष्ट, विशालमणि रतूड़ी, डीएम डा. आशीष चौहान, एसपी ददनपाल, एसडीएम पूरण सिंह राणा, कबूल चंद आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
जानकीचट्टी में यमुना नदी पर बहुउद्देशीय झील का निर्माण
हनुमानचट्टी-डोडीताल ट्रैक का विस्तारीकरण
गंगनाणी, राजगढ़ी और रवाड़ा में मिनी स्टेडियम का निर्माण
बड़कोट में रिंग रोड का निर्माण
गंगनाणी कुंड का सुंदरीकरण
मोरी-नैटवाड़-डोडराक्वार में 12 किमी सड़क निर्माण
यमुना घाटी में विभिन्न लिंक रोड
पुलिया सहित डेढ़ दर्जन योजनाओं का निर्माण
इन योजनाओं का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास
इंद्रा-टिपरी, मोरगी-बरेठ, सिल्क्यारा-सरोट, कांदला सड़क का डामरीकरण, कन्या हाईस्कूल गडोली व खरादी में दो-दो कक्षा-कक्ष, राइंका बर्नीगाड़ व गुंदियाटगांव में मुख्य भवन, बेसिक स्कूल गडोली व बड़ेथी-बनचौरा-बद्रीगाड़ मोटर मार्ग, फूलचट्टी-जानकीचट्टी, डामटा-कंडारी मोटर मार्ग एवं त्यूनी-मोरी-पुरोला मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण एवं
1.31 करोड़ रुपये लागत की दिचली-जगड़गांव सड़क का शिलान्यास।
प्रतिभावान बालिकाओं को किया सम्मानित
बड़कोट। पौराणिक ‘कुंड की जातर’ वसंत मेले को जन प्रेरणा से जोड़ने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने इस बार से प्रतिभावान बालिकाओं को बाबा बौखनाग गंगनाणी सम्मान से नवाजने की परंपरा शुरू की। सीएम त्रिवेंद्र रावत ने चयनित पांच बालिकाओं को 1100-1100 रुपये नकद पारितोषिक एवं स्मृति चिह्न से सम्मानित किया। इसमें रेखा चौहान (नगाण गांव की अंतरराष्ट्रीय स्तर की धाविका), पुष्पा बहुगुणा (मोल्डा गांव की बाल वैज्ञानिक), मीनाक्षी रावत (भाटिया गांव की उत्तराखंड खो-खो टीम की कप्तान), प्रीति आर्य (पुरोला निवासी बाल वैज्ञानिक), सुधा नौटियाल (पुरोला निवासी युवा उद्यमी) को सम्मानित किया।
बजट के संबंध में मांगे सुझाव
बड़कोट। वसंत मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने बजट के संबंध में ग्रामीणों के सुझाव मांगे। ग्रामीणों ने चकबंदी कानून लागू करने, पहाड़ के लिए अलग कृषि नीति बनाने, भूमि बंदोबस्त करने, जंगली जानवरों के उत्पात पर लगाम लगाने तथा कृषि बागवानी को बढ़ावा देने आदि सुझाव दिए। इस पर सीएम ने कहा कि सरकार जनता के हित में जनता की पसंद का बजट बनाना चाहती है। इसके लिए जनता द्वारा दिए गए सुझावों को प्रमुखता से बजट में शामिल किया जाएगा। ब्यूरो