बड़कोट (उत्तरकाशी)। पालिका के तहत राजीव आवास योजना में हुए कार्यों की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अनशन कर रहे भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष आनंद असवाल के स्वास्थ्य में भारी गिरावट आने पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें जबरन उठाकर नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया है, जबकि आनंद सिंह असवाल के स्थान पर अब तहसील परिसर में सभासद प्रवीन गौड़ भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारियों ने मामले में कार्रवाई न होने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है।
पूर्व में पालिका के तहत राजीव आवास योजना में कुछ आवास बनाए गए थे, जिसमें अपात्र लोगों को आवास आवंटित किए जाने का मामला सामने आया था। इसको लेकर बड़कोट तहसील में 26 सितंबर से कुछ सामाजिक कार्यकर्ता आंदोलन कर रहे हैं। वे मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बड़कोट तहसील में आनंद असवाल का सोमवार को पांचवें दिन भी अनशन जारी रहा। इस दौरान डा. रोहित भंडारी द्वारा उनका स्वास्थ्य प्रशिक्षण किया गया, जिसमें उन्होंने अनशनकारी को हृदय संबंधित दिक्कत बताई है। शाम को पुलिस व प्रशासन ने अनशन पर बैठे आनंद असवाल को जबरन उठाकर नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवा दिया है। वहीं आनंद असवाल को जबरन उठाने के बाद अब सभासद प्रवीन गौड़ ने धरना स्थल पर अनशन शुरू कर दिया है, जबकि अन्य अन्य आंदोलनकारी पूरण सिंह, प्रताप सिंह और सुनील थपलियाल का धरना 28वें दिन भी जारी रहा। उधर, पालिकाध्यक्ष अतोल रावत ने आंदोलन को द्वेष पूर्ण राजनीती से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि वे तथ्यों के साथ मीडिया के सामने पूरे मामले को उजागर करेंगे।