उत्तरकाशी। नगर में कूड़ा निस्तारण के नाम पर कूड़े को जलाने के मामले बंद नहीं हो रहे हैं। शुक्रवार देर शाम को भी तेखला स्थित डंपिंग जोन में लगी आग से स्थानीय जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान के निर्देश के बाद अग्निशमन दल द्वारा आग बुझा दी गई।
पालिका द्वारा तेखला डंपिंग जोन में बिना ट्रीटमेंट के कूड़ा डालने व उसकी उचित व्यवस्था नहीं करने से लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में कूड़े के ढेर में आग लगने से लोगों की हालत खराब हो गई। सूचना मिलते ही डीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, पालिका ईओ, अग्निशमक दल को मौके पर भेजा, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने पालिका अधिकारी को डंपिंग जोन में केवल जैविक कूड़ा डालने व इसके निस्तारण की व्यवस्था करने के आदेश दिए। उधर, डीएम ने कहा कि कूड़े में आग लगाना पर्यावरण नियमों के खिलाफ है। इसको रोकने के लिए पालिका को आदेश दे दिए गए हैं।