नौगांव। वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय संगठन की बैठक में आरटीई के तहत अध्ययनरत बच्चों के एवज मेेें विद्यालयों को मिलने वाली प्रतिपूर्ति धनराशी का शीघ्र भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी का निर्णय लिया गया।
ब्लॉक सभागार में आयोजित वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय संगठन की बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद रमोला ने कहा कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पढ़ने वाले बच्चों की फीस का दो सालों से विभाग ने भुगतान नहीं किया है, जिससे अध्यापकों का मानदेय देना मुश्किल हो गया है। संगठन के लोगों का कहना था कि यदि सरकार विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों को वित्त पोषित करती है, तो समानता के आधार पर अन्य विद्यालयों को भी वित्त पोषित किया जाए। बैठक में सुनील थपलियाल, बलदेव भंडारी, जयवीर सिंह चंद, जयपाल सजवाण, रमेश उनियाल, सुरेश रावत, विनोद राणा आदि उपस्थित थे।