खटीमा। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध शुरू हो गया है। सेना की तैयारी में जुटे युवा बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर आए और करीब आधे घंटे तक सांकेतिक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। युवाओं ने जुलूस की शक्ल में तहसील पहुंचकर मुख्य गेट बंद कर आक्रोश जताया। इस दौरान युवाओं की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। युवाओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर अग्निपथ योजना की टीओडी निरस्त करने और भर्ती में फिजिकल के बाद होने वाली लिखित परीक्षा कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को आक्रोशित युवाओं ने मुख्य चौक पर प्रदर्शन के दौरान धरना देते हुए करीब आधा घंटे तक सांकेतिक जाम लगा दिया। इससे पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई देवेंद्र गौरव, झनकइया थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जाम को खुलवाने को लेकर पुलिस-प्रशासन एवं युवाओं के बीच नोकझोंक होती रही। कोतवाल चौहान के युवाओं को बमुश्किल समझाने के बाद करीब आधा घंटे बाद जाम को खुलवाया जा सका। इसके बाद युवा मुख्य चौराहे से जुलूस निकालते हुए तहसील पहुंचे। यहां तहसील का मुख्य गेट बंद कर दिया और अग्निपथ योजना के टीओडी को निरस्त करने एवं आर्मी में भर्ती की लिखित परीक्षा कराने की मांग करने लगे।
पुलिस टीम ने बंद तहसील गेट को खुलवाया। इसके बाद युवाओं ने एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट के माध्यम से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन भेजा। कहा कि पूर्व में सेना भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल फिट युवाओं की लिखित परीक्षा कराई जाए। कहा कि नई व्यवस्था से भारतीय सेना में युवाओं को मात्र चार वर्ष के लिए भर्ती किया जा रहा है। इससे उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। केंद्र सरकार राज्य के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। वहां चननाथ गोस्वामी, सूरज कुमार, मो. मोसिन, संदीप, ललित सिंह, हरीश सिंह, जीवन सिंह, संदीप चंद, विनय बिष्ट, अमित, कमल, विवेक चंद, रोहित चंद, मनीष सागर, सौरभ, निखिल आदि थे।
युवाओं ने अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना के विरोध में सौंपा ज्ञापन
बाजपुर। केंद्र सरकर की अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना के विरोध में क्षेत्र के युवाओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। बृहस्पतिवार को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष भगवंत सिंह मियान की अगुवाई में युवा कार्यकर्ता एकत्र होकर तहसील पहुंचे। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर तहसीलदार युसूफ अली को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने कहा अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना युवाओं के भविष्य के लिए घातक है। युवाओं ने राष्ट्रपति से पुरानी भर्ती प्रक्रिया फिर से लागू करने, पिछली भर्ती की परीक्षा कराने, भर्ती की उम्र में तीन साल की छूट देने की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में आदित्य चानना, नितिन राणा, विजयपाल, अजय कुमार, अभिषेक बत्रा, राजू, विनीत कुमार, मोंटी सागर, विशाल, आरिफ, कृष्णपाल आदि थे। संवाद
खटीमा में अग्निपथ योजना के विरोध में मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन करते युवा। संवाद- फोटो : KHATIMA