काशीपुर निवासी तुषार सपरा भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड (पीओपी) के साथ ही थल सेना में लेफ्टिनेंट बन गए। उन्हें मेजर शैतान सिंह ट्रॉफी और जेंटलमैन कैडेट के लिए रजत पदक प्रदान किया गया है।
तुषार मोहल्ला कटोराताल निवासी कपड़ा व्यवसायी नरेश सपरा के छोटे पुत्र है। बड़ा पुत्र चेतन एमबीए कर रहा है। तुषार मेधावी छात्र होने के साथ ही अच्छे खिलाड़ी भी हैं। खासकर बास्केटबॉल के वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा तुषार ने 90 प्रतिशत से अधिक अंकों से पास की।
बचपन से तुषार का सपना सैन्य अफसर बनकर देश सेवा करने का रहा। छावनी चिल्ड्रन एकेडमी के प्रधानाचार्य प्रदीप सपरा ने उन्हें एनडीए में जाने के लिए प्रेरित किया। तुषार ने इंटर की परीक्षा काशीपुर के विजन वैली स्कूल से पास की। 2017 में तुषार का चयन एनडीए में हो गया। उनहें सफलता के इस मुकाम तक पहुंचाने में माता-पिता का विशेष योगदान रहा।
तुषार ने रविवार को देहरादून में हुई पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अगवानी की। ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर रहने पर तुषार को जेंटलमैन कैडेट के लिए रजत पदक मिला। परेड में तुषार की दादी फुलावती, पिता नरेश, मां ऊषा और भाई चेतन इन सुखद पलों के गवाह रहे। तुषार ने काशीपुर के लोगो को गौरवान्वित कर दिया किया है। संवाद