तराई पूर्वी वन प्रभाग के सुरई रेंज में बाघों के हमले बढ़ते जा रहे हैं। सुरई रेंज में इस साल अब तक बाघ तीन लोगों को अपना निवाला बना चुका है। रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि उत्तर प्रदेश पीलीभीत निवासी हरिनंद (52) को अगस्त 2023 को सुरई के जंगल में बाघ ने अपना शिकार बना लिया था। जनवरी 2023 में हल्दीखेड़ा निवासी केवल सिंह को अपना निवाला बनाया।
वह जंगल में घास काट रहे थे। वहीं अब तीसरे मामले में बुधवार को जंगल में घास काटने गई बग्गा निवासी बुजुर्ग महिला 70 वर्षीय भागुली को भी जंगल में घास काटते समय अपना निवाला बना लिया। बाघ के खतरे को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
डीएनए जांच के लिए भेजे जाएंगेे सैंपल
बुजुर्ग महिला को मारने वाले बाघ के लार और बाल के सैंपल डीएनए जांच के लिए देहरादून भेजे जा रहे हैं। रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि इससे पता चल जाएगा कि अगस्त 2023 में जिस बाघ ने युवक को मारा था कहीं बुजुर्ग महिला को मारने वाला भी वही बाघ तो नहीं। उन्होंने कहा कि बाघ के अलग होने पर दिक्कत नहीं है लेकिन बाघ एक ही होने पर क्षेत्र के लिए बहुत खतरा हो सकता है। क्षेत्र में सीसीटीवी लगाए गए हैं।
कापड़ी ने ग्रामीणों की सुरक्षा की मांग उठाई
गबाघ के हमले में मौत की सूचना पर विधायक भुवन कापड़ी भी मौके पर पहुंचे। कापड़ी ने कहा की इस क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सभी ग्रामीण वासियों से सतर्क रहने की अपील की। अधिकारियों से गांव की सुरक्षा का विशेष ध्यान देने को कहा। वहां पर मान सिंह, धर्म सिंह धसौनी, राम नक्षत्र, नरेश थे।