स्कूटी सवार तीन युवकों को रंजिश के चलते छह से अधिक युवकों ने घेरकर पीट दिया। इस दौरान दो युवकों के सिर फूट गए। मारपीट के दौरान की गई फायरिंग में एक युवक को छर्रे लग गए और मारपीट में उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेड़ा निवासी एजाज का छह माह पूर्व भदईपुरा निवासी एक युवक से विवाद हुआ था। इसमें एजाज ने युवक की पिटाई कर दी थी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। रविवार की सुबह एजाज अपने दोस्त रेशमबाड़ी निवासी नसीम उर्फ फैजल और वार्ड नंबर 17 खेड़ा निवासी नंदन यादव के साथ स्कूटी से भदईपुरा जा रहा था। इस दौरान रंजिश के चलते युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कूटी रोक दी। आरोपियों ने स्कूटी सवार तीनों लोगों की पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने एजाज को सड़क पर गिराकर डंडों से पीटा। आरोप है कि फायरिंग भी की गई और छर्रे एजाज के कंधे और सिर के पिछले हिस्से में लगे।
तीनों युवकों को पीटने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। फायरिंग से मोहल्ले में दहशत है। तीनों घायलों को इलाज के लिए किच्छा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एजाज की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है। सूचना मिलते ही कोतवाल विक्रम राठौर टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल नंदन से घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया।
कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी और इसी के चलते मारपीट की घटना हुई है। इनमें एक युवक की ओर से तमंचे से फायरिंग की जानकारी मिली है। आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई हैं। मामले में तहरीर नहीं मिली है।
घायल एजाज को खोज रही थी पुलिस
कोतवाल राठौर ने बताया कि घायल एजाज के खिलाफ 10 से अधिक केस दर्ज हैं। वह जानलेवा हमले के मामले में वांटेड चल रहा है। बताया कि एजाज का जिस युवक से झगड़ा हुआ था, वो भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। इस युवक के खिलाफ केस दर्ज हैं। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं।