हल्द्वानी से टनकपुर जा रही रोडवेज बस के ड्राईवर ने संतुलन खो दिया। इससे बस सड़क किनारे खंती में जा पलटी। हादसे में ड्राईवर समेत दस यात्री घायल हो गए। आसपास के लोगों ने आपातकालीन 108 एंबुलेंस सेवा से सीएचसी में दाखिल कराया। डाक्टर ने ड्राईवर को अन्यत्र रेफर कर दिया।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे हल्द्वानी डिपो की रोडवेज बस (यूके07-2183) टनकपुर जा रही थी। रास्ते में बमनपुरी गांव के पास से ड्राईवर ने बस से संतुलन खो दिया। इससे बस सड़क किनारे खंती में पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार 37 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच बस के भीतर से यात्रियों को बमुश्किल बाहर निकाला। लोगों ने पुलिस और आपातकालीन सेवा 108 को हादसे की सूचना दी।
जिस पर पुलिस और एंबुलेंस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल ड्राईवर धामपुर जिला बिजनौर निवासी सतीश कुमार, रामनगर निवासी नीरज शर्मा (55) पुत्र बीडी शर्मा, हल्द्वानी निवासी एमसी जोशी (42) पुत्र एलडी जोशी, बनबसा निवासी भगवती (40) पुत्री अनूप सिंह, टनकपुर निवासी हेम चंद (57) पुत्र सुखदेव, हापुड़ निवासी सलीम (21) पुत्र रोशन, मोहन (20) पुत्र रामचंद्र, विकास (21) पुत्र सानेंद्र, शंकर (24) पुत्र प्रेम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
डाक्टर ने ड्राईवर सतीश की हालत गंभीर देखते हुए उसे हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। साथ ही अन्य घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।