रुद्रपुर में पत्रकार वार्ता करते जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह।
- फोटो : RUDRAPUR
रामपुर के पूर्व जिला जज सुरेंद्र पाल सिंह को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। काफी लंबे समय से उपभोक्ता फोरम में अध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा था। इसके चलते उपभोक्ताओं को वाद दायर करने के लिए बाहर जाना पड़ता था।
सोमवार को उपभोक्ता फोरम के नव नियुक्त अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह, सदस्य नवीन चंदोला व देवेंद्र कुमारी तागरा ने प्रेस वार्ता में कहा कि पहले वादकारी को वाद दायर करने के लिए विपक्षी के क्षेत्र में स्थित जिला उपभोक्ता फोरम में जाकर वाद दायर करना पड़ता था।
इससे अधिकतर वादकारी वाद दायर नहीं कर पाते थे। कहा कि अब नए आदेश के अनुसार वादकारी जहां रहता है वहीं से वाद दायर कर सकता है। इसके अतिरिक्त एक क्रांतिकारी नियम लागू हुआ है, इसके तहत जिला आयोग को अब अपने आदेशों को दीवानी न्यायालय की तरह ही निष्पादित करने की शक्तियां प्रदान कर दी गई हैं। बताया कि जिला आयोग का क्षेत्राधिकार जो पहले 20 लाख रुपये तक था। उसके बढ़ाकर अब एक करोड़ रुपये कर दिया गया है। बता दें कि देवेंद्र कुमारी तागरा सनातन धर्म कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अर्थशास्त्र की विभागाध्यक्ष रही हैं।