रुद्रपुर। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सीपीयू कर्मियों को लोगों के साथ शालीनता से पेश आने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कहा कि दोपहिया वाहनों की वजह से ज्यादा हादसे हो रहे हैं। नेशनल हाईवे पर फर्राटा भरने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर सख्ती बरतने की जरूरत है। तीन सवारी वाले दोपहिया वाहनों को सीधे सीज करने की कार्रवाई करें और चालक का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति परिवहन विभाग को भेजें। चालानी कार्रवाई पर एतराज जताने वालों से उलझने से बचें और बॉडी ऑन कैमरे को कार्रवाई के समय चालू रखे ताकि रिकार्डिंग हो सके।
शुक्रवार को एसएसपी ने पुलिस लाइन में मौजूद सीपीयू कर्मियों से कहा कि सीपीयू अच्छा काम कर रही है। चाबी कांड (एक बाइक सवार के माथे पर चाबी घुस गई थी) के बाद सीपीयू कर्मियों ने न सिर्फ व्यवहार बदला है बल्कि कई बार हादसों में घायल लोगों की मदद कर मानवता का परिचय दिया है। सीओ ट्रैफिक भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि परिवहन विभाग ने निरस्त करने के लिए भेजे हुए दूसरे राज्यों के बने लाइसेंसों को लौटा दिया है। वहां पर एसपी सिटी ममता बोहरा, एसपी क्राइम मिथिलेश सिंह, सीओ अमित कुमार आदि थे।
ई-रिक्शों के लिए सख्ती से लागू करें रूट व्यवस्था
रुद्रपुर। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सीओ ट्रैफिक भूपेंद्र सिंह भंडारी को रुद्रपुर में ई-रिक्शों के लिए रूट व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चलाने वाले सभी चालकों का सत्यापन हर हाल में किया जाए और उनका पूरा ब्यौरा रखा जाए। यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कदम उठाया गया है। कोई भी चालक नियमों का उल्लंघन करें तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएं।